शतकों के बादशाह सचिन तेंदुलकर (नाबाद 108) ने अपनी करिश्माई बल्लेबाजी का शानदार नजारा पेश करते हुए बुधवार को 48वां सैकड़ा जड़कर श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में भंवर में फंसी भारतीय नैया को लगभग सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया.

वीरेंद्र सहवाग (99) केवल एक रन से शतक से चूक गये और मध्यक्रम लड़खड़ाने से भारत का स्कोर चार विकेट पर 241 रन हो गया. तेंदुलकर एक छोर पर डटे रहे और उन्हें अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सुरेश रैना (नाबाद 66) के रूप में अच्छा साथी मिला जिनके साथ उन्होंने पांचवें विकेट के लिये 141 रन की अटूट साझेदारी की है. इन दोनों की साहसिक पारियों से भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर चार विकेट पर 382 रन बनाये.

तीन मैच की श्रृंखला में 0-1 से पीछे चल रहा भारत अब श्रीलंका से 260 रन पीछे हैं और उसे फॉलोऑन बचाने के लिये 61 रन चाहिए लेकिन तेंदुलकर और रैना डटे हुए हैं. तेंदुलकर ने फिर से चमकदार पारी खेली तो रैना की भी तारीफ करनी होगी जिन्होंने अपने आदर्श बल्लेबाज के साथ पूरे दमखम के साथ दूसरा छोर संभाले रखा. तेंदुलकर ने अब तक 181 गेंद का सामना करके 14 चौके और एक छक्का जमाया है जबकि रैना की 133 गेंद की पारी में आठ चौके शामिल हैं.